नौतपा में शरीर में पानी और नमक की कमी न होने पाए : डॉ. राजेश प्रसाद
- DSS Admin
- May 18, 2026
वाराणसी, 18 मई (हि. स.)। वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने नौतपा में जनपद के नागरिकों सतर्क रखने की अपील करते हुए कहा कि नौतपा में शरीर में पानी और नमक की कमी न होने पाएं, काशीवासी इस बात का ख्याल रखें। ज्यादा से ज्यादा पानी पीना है और बाहर निकलने से पहले पर्याप्त जल पीकर निकलना है।
डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि तपते हुए मौसम में हीट स्ट्रोक, डायरिया, उल्टी, पीलिया, टाइफाइड, वायरल फीवर, आँखों का लाल होना, त्वचा में जलन होना आदि तरह के बीमारियां होती हैं। इसका प्रतिकूल प्रभाव शरीर पर पड़ता है। जो कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति में घमौरियां, मरोड़ व ऐंठन के मुख्य लक्षणों में शरीर में कमजोरी होना, चक्कर आना, सिर में तेज दर्द, उबकाई का आना, मूर्छा आना जैसे लक्षण नजर आए तो शीघ्र ही नजदीक के चिकित्सालय व स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों की सलाह लेकर उपचार कराएं।

