राष्ट्रहित में पुराने गहनों के बदले नई ज्वेलरी बिक्री को बढ़ावा दें : जिलाधिकारी
- DSS Admin
- May 18, 2026
मीरजापुर, 18 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने साेमवार काे जनपद के सर्राफा व्यापारियों से पुराने सोने के गहनों के बदले नई ज्वेलरी की बिक्री को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। उन्होंने व्यापारियों से ग्राहकों को विशेष ऑफर देने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत विश्व के बड़े स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है और प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा सोने के आयात पर खर्च होती है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के कारण विदेशी मुद्रा भंडार पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में अनावश्यक बुलियन खरीद-बिक्री को सीमित कर देशहित में योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में पुराने गहनों के बदले नए आभूषण खरीदने की परंपरा को बढ़ावा देना आर्थिक दृष्टि से भी उपयोगी होगा। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से कहा कि वे ग्राहकों को आकर्षक ऑफर देकर इस व्यवस्था को प्रोत्साहित करें।
बैठक में सर्राफा व्यापारियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रशासन की अपील का समर्थन करते हुए राष्ट्रहित में सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि जनपद में अधिकांश कारोबार आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर बुलियन कारोबार नहीं होता है।
जिलाधिकारी ने स्वजनगणना मोबाइल एप के माध्यम से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील भी की। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए दुकानों के बाहर आमजन के लिए पेयजल एवं आरओ मशीन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। बैठक में एडीएम अजय कुमार सिंह, एसपी सिटी नितेश सिंह, सर्राफा व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश चौरसिया समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
---------------

