यूडी टैक्स वसूली: नगर निगम ने दो व्यावसायिक संपत्तियां की सीज
- Admin Admin
- Feb 19, 2025

उदयपुर, 19 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निगम द्वारा नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में निगम की राजस्व शाखा ने बुधवार को दो व्यावसायिक संपत्तियों को सीज कर दिया।
नगर निगम के राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि आयुक्त राम प्रकाश के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई। सेक्टर-4 स्थित विद्या नगर सुदर्शन एन्क्लेव के सामने स्थित संजय डांगी की संपत्ति पर 10,44,995 बकाया होने के कारण इसे सीज किया गया। वहीं, सब सिटी सेंटर स्थित कुश एंटरप्राइज गोल्डमाइन फर्नीचर की संपत्ति को भी 8,43,424 बकाया रहने के चलते सीज किया गया।
नगर निगम की ओर से पूर्व में बकाया कर चुकाने के नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने और कर जमा न कराने पर यह सख्त कदम उठाया गया। राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 के तहत नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए दोनों संपत्तियों को सीज कर व्यावसायिक गतिविधियां बंद करवा दीं। इस दौरान राजस्व अधिकारी के साथ सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 31 मार्च से पहले अपना यूडी टैक्स जमा कर सरकारी छूट का लाभ उठाएं। आयुक्त राम प्रकाश ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा हर हाल में यह कर वसूला जाएगा और जो संपत्ति स्वामी बकाया जमा नहीं करेंगे, उनकी संपत्तियां सीज करने की कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता