उत्तराखंड में चुनावी मोड में भाजपा, राष्ट्रीय अध्यक्ष का तीन दिवसीय दौरा संगठन को देगा नई धार
- DSS Admin
- May 23, 2026
-अध्यक्ष कोर ग्रुप से बूथ कार्यकर्ताओं तक करेंगे संवाद
देहरादून, 23 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई से राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सरकार-संगठन समन्वय से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान आयोजित होने वाली मैराथन बैठकों में युवा संवाद, बूथ सशक्तिकरण और संगठनात्मक रणनीति मुख्य केंद्र में रहेगी।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को देहरादून पहुंचने के बाद पार्टी मुख्यालय में मंत्री समूह और कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, 29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में जनसंपर्क अभियानों, संगठन और सरकार के समन्वय और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन किया जाएगा। इसी दिन प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, मेयरों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी विस्तृत बैठक प्रस्तावित है।
30 मई को बूथ स्तर की बैठक, युवा संवाद कार्यक्रम और प्रबुद्ध गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में शिक्षाविदों, सामाजिक प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों के शामिल होने की संभावना है। भाजपा इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा वर्ग और प्रबुद्ध समाज के बीच अपनी वैचारिक और संगठनात्मक पहुंच को मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी। दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे।
प्रदेश भाजपा महामंत्री कुंदर परिहार ने बताया कि दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का माहौल है और संगठन स्तर पर विभिन्न बैठकों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों, जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद, बूथ सशक्तिकरण अभियान और युवा कार्यक्रमों में भाग लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता का संचार करेगा।

