हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर पेयजल व्यवस्था सुचारु, भ्रामक दावों का प्रशासन ने किया खंडन

गोपेश्वर, 19 जून (हि.स.)। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन दावों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया है, जिनमें यात्रा मार्ग पर सार्वजनिक पेयजल स्थलों से नल हटाए जाने तथा श्रद्धालुओं को पेयजल संकट का सामना करने की बात कही गई थी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर जल संस्थान की टीम ने यात्रा मार्ग पर स्थापित सभी पेयजल व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक पेयजल केंद्र पूरी तरह क्रियाशील पाए गए और सभी स्थानों पर नल लगे हुए मिले। अधिकारियों ने पुष्टि की कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है और कहीं भी पेयजल आपूर्ति में बाधा की स्थिति नहीं है।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो यात्रा प्रारंभ होने से पहले के हैं। यात्रा शुरू होने से पूर्व आवश्यक मरम्मत, रखरखाव और सुधार कार्य पूरे कर लिए गए थे तथा सभी पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर संचालन में ला दिया गया था। वर्तमान में पूरे हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर पेयजल आपूर्ति सामान्य और निर्बाध रूप से जारी है।

प्रशासन के अनुसार, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सभी सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, संचार व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने को कहा है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही प्रमाणिक मानें। प्रशासन ने कहा कि अफवाहों से भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है, इसलिए सत्यापित जानकारी के आधार पर ही प्रतिक्रिया दें।

प्रशासन का कहना है कि हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रूप से संचालित की जा रही हैं तथा यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

------------

   

सम्बंधित खबर