एसआईआर तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, एएसडी सूची एक सप्ताह में बीएलए को देने को कहा
- DSS Admin
- May 12, 2026
देहरादून, 12 मई (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों को मैपिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि फार्म-6, 7 और 8 का प्रतिदिन अनिवार्य रूप से रिव्यू कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर तैयार एएसडी (ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ) सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) के साथ भी साझा किया जाए। उन्होंने आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी बीएलए को एएसडी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक और वितरण योजना की विस्तृत समीक्षा भी की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी आगामी एक सप्ताह में संबंधित नगर निगम क्षेत्रों के नगर आयुक्तों के साथ बैठक कर एसआईआर योजना को और प्रभावी बनाएं।
उन्होंने बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक में डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, प्रकाश चन्द्र दुम्का, किशन सिंह नेगी तथा मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।
---------------

