गढ़वाल ग्रीनर्स ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
- DSS Admin
- Jul 07, 2026

देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। वन महोत्सव सप्ताह-2026 के तहत 127 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल गढ़वाल राइफल्स (गढ़वाल ग्रीनर्स) ने वृक्षारोपण, नदी पुनर्जीवन, जल एवं मृदा संरक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) देहरादून लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसूड़ी ने मंगलवार को बताया कि एक से सात जुलाई तक आयोजित वन महोत्सव सप्ताह के दौरान यूनिट ने व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जल एवं मृदा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए। इन गतिविधियों में स्थानीय प्रशासन, वन विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
उन्होंने बताया कि गढ़वाल ग्रीनर्स वर्षों से उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। यूनिट के प्रयासों से अब तक तीन करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिससे प्रदेश के हरित आवरण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लोगों को केवल पौधे लगाने के लिए ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।
बटालियन ने अभियान की सफलता में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थानों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
-------------------

