गुरुग्राम: 11 तोले सोने के गहने चुराकर भागी नौकरानी मेरठ से गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jul 03, 2026

-19 जून को रखा था काम पर, 29 जून को दिया वारदात को अंजाम
-गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार
-ओडिशा की रहने वाली है नौकरानी अधीरा चौहान
गुरुग्राम, 03 जुलाई । डीएलएफ न्यू टाउन हाइट्स सेक्टर-91 में घर में काम करने वाली सहायिका द्वारा गहने और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। नौकरानी ने घर में नौकरी मिलने के 11वें दिन ही 11 तोले सोने के गहने चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 11 तोले सोने के गहने बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 30 जून 2026 को सेक्टर-91 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सेक्टर-93 में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि उन्होंने 19 जून 2026 को अधीरा चौहान नामक महिला को घर में काम करने के लिए रखा था। 29 जून को अधीरा घर से सोने के गहने और नकदी चोरी करके फरार हो गई। शिकायत पर थाना सेक्टर-10 में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को एक जुलाई 2026 को बाबूगढ़ मेरठ-दिल्ली रोड उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अधीरा चौहान निवासी गांव महुलिया, जिला मयूरभंज, उड़ीसा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए करीब 11 तोले सोने के गहने बरामद कर लिए हैं। नकदी की बरामदगी और अन्य साथियों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ के लिए आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

