पेट्रोल पंपों पर खुलेंगे 'हिलान्स आउटलेट', पहाड़ी उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
देहरादून, 27 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार किए जाने वाले स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देहरादून जिले के पेट्रोल पंपों पर 'हिलान्स आउटलेट' स्थापित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत डोईवाला स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के एक पेट्रोल पंप से होगी।
जिला प्रशासन ने शनिवार को बताया कि इस पहल के तहत राज्य स्तर पर जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के बीच हुए समझौते (एमओयू) के आधार पर पहले चरण में डोईवाला के फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के निकट स्थित आईओसीएल पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला 'हिलान्स आउटलेट' खोला जाएगा। बाद में अन्य पेट्रोल पंपों तक भी इसका विस्तार किया जाएगा।
जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सोनम गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बड़ा और स्थायी बाजार उपलब्ध कराना है। पेट्रोल पंपों पर रुकने वाले पर्यटक और स्थानीय उपभोक्ता सीधे इन उत्पादों की खरीद कर सकेंगे।
आउटलेट पर उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, जिनमें गहत, भट्ट और तोर जैसी पहाड़ी दालें, स्थानीय मसाले, जड़ी-बूटियां, डेयरी एवं खाद्य उत्पाद तथा महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल से ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ेगी, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन तथा 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को मजबूती मिलेगी। साथ ही देवभूमि आने वाले पर्यटकों को एक ही स्थान पर उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
-------------

