सैनिकों और परिवारों ने उत्साह से किया योग, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

देहरादून, 21 जून (हि. स.)। मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गढ़ी कैंट स्थित परिसर में योग सत्रों का आयोजन किया, जिसमें सैनिकों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘योग - अनंत आयु के लिए प्रकाश’’ और ‘‘योग से स्वस्थ जीवन’’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य शारीरिक स्फूर्ति बढ़ाने, मानसिक शांति को प्रोत्साहित करने तथा दैनिक जीवन में सहनशीलता विकसित करने के लिए योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। योग सत्रों में ऐसे आसन और प्राणायाम कराए गए जिन्हें प्रतिभागी आसानी से अपने दैनिक जीवन में शामिल कर सकें। आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भागीदारी की।

यह कार्यक्रम इंडियन योगिनी एसोसिएशन, अध्य कौशलम ट्रस्ट और पतंजलि योगपीठ के सहयोग से आयोजित किया गया। सत्रों का संचालन साध्वी देवदिति और शिखा ने किया।

मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया ने योग प्रशिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कार्यक्रम उपयोगी, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बना।

   

सम्बंधित खबर