विपक्ष हिंदू आस्था और विश्वास को कमजोर करने की कर रहा साजिश: महेंद्र भटृ

देहरादून, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। पार्टी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस के रुख को राजनीतिक पाखंड करार देते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष हिंदू आस्था और विश्वास को कमजोर करने की साजिश कर रहा है।

अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को जारी बयान में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी दशकों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध करती रही और बाबरी मस्जिद के पक्ष में सरकार, सड़क और अदालतों में संघर्ष करती रही, वही आज राम मंदिर के लिए चिंता जताकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने राम मंदिर उद्घाटन के अवसर पर ट्रस्ट का निमंत्रण मिलने के बावजूद कार्यक्रम में भाग नहीं लिया। उनका आरोप था कि कांग्रेस की राजनीति सनातन आस्था के बजाय वोट बैंक के इर्द-गिर्द घूमती रही है और अब वह राम मंदिर के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण का विरोध करने, अदालत में पक्ष रखने तथा भगवान राम के अस्तित्व को लेकर दिए गए हलफनामे जैसी घटनाओं को देश की जनता भूली नहीं है। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है और अब चढ़ावे के मुद्दे को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मामला सामने आते ही योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी जांच के निर्देश दिए थे और रिपोर्ट सरकार को प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जांच के आधार पर जल्द ही तथ्य सार्वजनिक होंगे और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई होगी।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हाल में उत्तर प्रदेश के बहराइच स्थित एक दरगाह में दान राशि में कथित अनियमितताओं की खबरें सामने आई थीं, लेकिन उस मामले में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर की पवित्रता और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था अक्षुण्ण है और भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को बदनाम करने के किसी भी प्रयास को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

   

सम्बंधित खबर