यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा : दूसरे दिन सभी जिलों में शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न

लखनऊ, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की पारदर्शी और सख्त परीक्षा व्यवस्था के बीच आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। आज दूसरे दिन की परीक्षा प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में कराई गई।

भर्ती बोर्ड ने जानकारी देते हुए बताया कि ये परीक्षाएं तीन दिन 8 ,9 और 10 जून को प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित की जा रही है। आज दूसरे दिन की लखनऊ, कानपुर, सीतापुर, जौनपुर, बहराइच, हाथरस समेत सभी प्रदेश के सभी जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न की जा चुकी है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रही।

अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर ध्यान न देने की अपील

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने या अभ्यर्थियों को भ्रमित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर ध्यान न दें और पूरी लगन से अपनी परीक्षा की तैयारी करें।

उल्लेखनीय है कि भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से प्रारंभ हो गई है। यह परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32 हजार 679 पदों के लिए 28 लाख 86 हजार 797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रविवार शाम से ही परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। सोमवार को पहले दिन की दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर