बोलेरो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, साथी वाराणसी रेफर
- DSS Admin
- May 13, 2026
मीरजापुर, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कलां चौकी अंतर्गत पतार कलां के पास मंगलवार देर शाम लालगंज-कलवारी रोड पर बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की अस्पताल में माैत हाे गयी।
लालगंज के मेढ़रा गांव निवासी कमलेश का 25 वर्षीय पुत्र पंकज तथा बलनाथ का 65 वर्षीय पुत्र अवधेश रिश्तेदारी में बनकी बारात जा रहे थे। इसी दौरान पतार कलां के पास हादसा हो गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान अवधेश पुत्र बलनाथ की देर रात मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पंकज को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची लालगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और बाइक को कब्जे में लेकर दुबार कलां चौकी पर खड़ा कराया गया है। थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि पतार कलां के पास बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अवधेश की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
---------------

