चुनार-चोपन रेलखंड का एडीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाएं परखी

मीरजापुर, 15 मई (हि.स.)। प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने शुक्रवार को चुनार-चोपन रेलखंड का निरीक्षण कर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीआरएम ने सक्तेशगढ़, लूसा, सोनभद्र, चुर्क, अगोरी खास और चुनार स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज मंडल के अंतर्गत चुनार और सोनभद्र समेत 14 स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य जारी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लूसा-खैराही रेललाइन के दोहरीकरण कार्य का भी अवलोकन किया और निर्माण कार्य को तय समय में पूरा कराने पर जोर दिया। स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्म और प्रवेश-निकास मार्गों की व्यवस्था देखकर एडीआरएम ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्रीष्मकाल को देखते हुए उन्होंने पेयजल, छायादार स्थान और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कर्मचारियों को यात्रियों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर