यमुना तट पर चला “जीवनधारा पौधारोपण अभियान”, पर्यावरण संरक्षण को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

औरैया, 28 जून (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा संचालित “जीवनधारा पौधारोपण अभियान” के तहत रविवार सुबह यमुना तट पर व्यापक पौधारोपण किया गया। अभियान के अंतर्गत पीपल, बरगद, अशोक, हरसिंगार, पकड़िया एवं चितवन जैसे लंबी आयु वाले पौधे लगाए गए तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी यमुना मैया के सेवादारों को सौंपी गई।

समिति द्वारा 5 जून 2026 से 5100 पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगों को उनकी पसंद के पौधे भी निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।

पौधारोपण कार्यक्रम के उपरांत यमुना तट स्थित राम झरोखा में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने की, जिसमें अभियान को और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है और मानसून की देरी से जमीन में नमी की कमी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य सार्वजनिक मंदिरों, पार्कों एवं मार्गों का निरीक्षण कर पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर रहे हैं। मौसम में नमी बढ़ते ही व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।

इस दौरान डॉ. आर्य प्रबुद्ध, विनोद कुमार पोरवाल, शिक्षक शिवम गुप्ता, हिमांशु दुबे, रुचिर अग्रवाल, सतीश, रामप्रसाद, अजय बाल्मीक सहित समिति के अनेक सदस्य एवं पर्यावरण प्रहरी मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर