तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

-नेशनल हाईवे पर इंडियन ऑयल चौकी के पास हुआ हादसा, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया।

औरैया, 30 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दाेपहर को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इंडियन ऑयल पुलिस चौकी के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बदनपुर निवासी सीता राठौर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सीता राठौर सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर