मीरजापुर में 51 किलो बर्फ से हुआ बाबा बदेवरानाथ का श्रृंगार, बारिश से झूमे श्रद्धालु व किसान

मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना क्षेत्र के बदेवरा चौबे गांव स्थित बाबा बदेवरानाथ मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने 51 किलो बर्फ से भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया। भक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अच्छी वर्षा की कामना करते हुए विशेष पूजन-अर्चन किया। इसी दौरान झमाझम बारिश शुरू होने पर मंदिर परिसर भक्तों के जयघोष से गूंज उठा और किसानों के चेहरे खिल उठे।

मंदिर के पुजारी महेंद्र गोस्वामी ने बताया कि ग्राम प्रधान माहेश्वरी उपाध्याय और विनीत उपाध्याय की ओर से 51 किलो बर्फ से बाबा बदेवरानाथ का श्रृंगार किया गया। इसके बाद भांग, धतूरा, शमी पत्र और बिल्वपत्र अर्पित कर शिव तांडव स्तोत्र का पाठ किया गया। उन्होंने बताया कि मंदिर में पहली बार बर्फ से बाबा का श्रृंगार किया गया। बारिश होने के बाद किसानों ने इसे शुभ संकेत बताया। श्रद्धालुओं का कहना है कि समय पर वर्षा होने से धान की रोपाई की तैयारियां तेज होंगी और खेती-किसानी को गति मिलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर