सड़क दुघर्टना में सिविक वॉलंटियर की मौत, चालक गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
हुगली, 05 जुलाई (हि. स.)। हुगली जिले के आरामबाग में ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आने से एक सिविक वॉलंटियर की मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात आरामबाग के जयरामपुर इलाके में हुआ। घटना के बाद पुलिस ने लॉरी और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान उत्पल सिंह (32) के रूप में हुई है। वह आरामबाग के आरांडी-2 ग्राम पंचायत के बहुखेदाइल गांव के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयरामपुर क्षेत्र में काली पूजा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन से चार सिविक वॉलंटियर तैनात थे। इसी दौरान आरामबाग से तारकेश्वर की ओर जा रही एक लॉरी ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और ड्यूटी पर तैनात उत्पल सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाकर आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र सेन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। अपने प्रियजन को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर आरामबाग के एसडीपीओ संदीप नंदी तथा थाना प्रभारी (आईसी) सुरजीत चंद भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लॉरी और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
रविवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
---------------

