प्रधानमंत्री का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा, सपा सांसद पर हो कठोर कार्रवाई : अनिल दीक्षित
- DSS Admin
- May 14, 2026
कानपुर, 14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सपा सांसद द्वारा की गई कथित अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और संबंधित सांसद के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
यह बातें गुरुवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर समाजवादी पार्टी के महोबा सांसद द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा कानपुर महानगर ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान और अखिलेश यादव माफी मांगों के नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित पत्र जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा गया।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया कि प्रधानमंत्री केवल किसी दल विशेष के नेता नहीं बल्कि एक सौ चालीस करोड़ देशवासियों की लोकतांत्रिक आस्था और भारत की संवैधानिक गरिमा के प्रतीक हैं। ऐसे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग न केवल राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है बल्कि इससे देश की गरिमा को भी ठेस पहुंचती है।
महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा लगातार अशोभनीय भाषा और अमर्यादित आचरण अपनाया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सांसद के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि संवैधानिक पदों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके। प्रदर्शन में सरोज सिंह, अनीता त्रिपाठी, डॉ. विजया तिवारी, रीता शास्त्री, पूनम कपूर, रंजीता पाठक, अनीता चतुर्वेदी, बबीता निगम, अर्शी सुल्तान, रीता पासवान, राधा सैनी, अनीता सोनी, पूनम कंवर, प्रीति साहू, लक्ष्मी शुक्ला और सचिवेंद्र सिंह सेंगर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

