खुशियों की पाठशाला के तहत ब्लॉक प्रिंटिंग एक्टिविटी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

ब्लॉक प्रिंटिंग में प्रतिभा करने वालों बच्चों को सम्मानित करते अधिकारीगण

लखनऊ, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राज्य संग्रहालय संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित “खुशियों की पाठशाला” ग्रीष्मकालीन इंटरएक्टिव गतिविधियों की शखला के अंतर्गत शनिवार को “ब्लॉक प्रिंटिंग एक्टिविटी” का सफल आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि तथा पारंपरिक भारतीय कला विधाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में सिटी मोंटेसरी स्कूल एवं लखनऊ पब्लिक स्कूल के 06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 61 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने ब्लॉक प्रिंटिंग की विभिन्न तकनीकों को सीखा एवं अपने सृजनात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर लखनऊ राज्य संग्रहालय के निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उन्हें भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. मीनाक्षी खेमका, सहायक निदेशक, सज्जा कला द्वारा किया गया। उनके कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन संपन्न हुआ। राज्य संग्रहालय, लखनऊ भविष्य में भी बच्चों एवं युवाओं के लिए इस प्रकार की शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा, जिससे सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा मिल सके।

   

सम्बंधित खबर