गंगा में डूबे किशोर का शव 26 घंटे बाद मिला

मीरजापुर, 15 मई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के भिलगौर गांव स्थित शिवाला घाट पर गंगा में स्नान के दौरान डूबे किशोर का शव 26 घंटे बाद शुक्रवार शाम बरामद हो गया। शव मिलते ही घाट पर मौजूद परिजन बिलख पड़े।

मनिकठी गांव निवासी कृष्णा कन्नौजिया (14) गुरुवार दोपहर अपने साथियों के साथ शिवाला घाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुरुवार शाम से एसडीआरएफ टीम की मदद से तलाश शुरू कराई, लेकिन रात तक सफलता नहीं मिली।

शुक्रवार को एसडीआरएफ टीम नौगांव गांव तक गंगा में खोजबीन कर रही थी। इसी दौरान शिवाला घाट से करीब सौ मीटर दूर गहरे पानी में किशोर का शव उतराता मिला। टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया।

कृष्णा गांव के परिषदीय विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

:

---------------

   

सम्बंधित खबर