यूपी टीईटी परीक्षा के दौरान बिगड़ी दो अभ्यर्थियों की तबीयत, समय रहते मिली चिकित्सा सहायता
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
मीरजापुर, 03 जुलाई (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान शुक्रवार को कछवां स्थित श्री गांधी विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दो अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से दोनों की हालत सामान्य हो गई और किसी प्रकार की गंभीर स्थिति नहीं बनी।
,जौनपुर से परीक्षा देने आए 35 वर्षीय एक पुरुष अभ्यर्थी ने परीक्षा के दौरान सीने में दर्द की शिकायत की। वहीं, 28 वर्षीय एक महिला अभ्यर्थी को उल्टी और अत्यधिक कमजोरी महसूस होने लगी। सूचना मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अमिता देवी ने बताया कि कई अभ्यर्थी 200 से 250 किलोमीटर की लंबी यात्रा कर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। कुछ अभ्यर्थी बिना भोजन किए परीक्षा देने आए थे, जबकि कुछ ने यात्रा से पहले आवश्यकता से अधिक भोजन कर लिया था। लंबी यात्रा और खान-पान में अनियमितता के कारण स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें सामने आईं।
उन्होंने बताया कि समय रहते उपचार मिलने से दोनों अभ्यर्थियों की स्थिति सामान्य हो गई और परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।
---------------

