उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा निष्पक्ष और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने कसी कमर

मीरजापुर, 01 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में बैठक कर 2 से 4 जुलाई तक आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के राजपत्रित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र प्रभारियों, परीक्षा केंद्र नियंत्रण कक्ष प्रभारियों, जनपदीय नियंत्रण कक्ष प्रभारियों, कार्यदायी संस्था के जिला प्रबंधक तथा मुख्य प्रवेश द्वार पर जांच एवं तलाशी में तैनात पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा आयोजित होगी। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर कुल 36,960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। किसी भी संदिग्ध या अनुचित गतिविधि पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की शून्य सहिष्णुता नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।

---------------

   

सम्बंधित खबर