विंध्य धाम पहुंचे चंपत राय, बोले- कारिडोर में दिखती है सनातन संस्कृति की झलक

मीरजापुर, 21 मई (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव एवं विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता व उपाध्यक्ष चंपत राय ने गुरुवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद उन्होंने विंध्य कारिडोर की भव्यता और सांस्कृतिक स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि यहां सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति की दिव्य झलक दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर का स्वरूप अब काफी आकर्षक और भव्य हो गया है। दीवारों पर देवी-देवताओं एवं महापुरुषों से जुड़े उभरे चित्र भारतीय संस्कृति और प्राचीन विरासत को जीवंत करते हैं। चंपत राय ने कहा कि विंध्य कारिडोर को देखने के बाद आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है। अभी कुछ कार्य शेष हैं, लेकिन सभी स्तंभों पर नाम अंकित होने के बाद इसकी भव्यता और बढ़ जाएगी।

राम मंदिर को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के सवाल पर उन्होंने कहा कि आरोप लगाना विपक्ष का राजनीतिक तरीका है।

बताया गया कि चंपत राय सोनभद्र जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मां विंध्यवासिनी के दर्शन की इच्छा होने पर वह विंध्याचल पहुंच गए। मंदिर में उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दर्शन-पूजन देवता पांडेय ने कराया। इस दौरान हिमालय पांडेय, अनिकेत पांडेय, मणिशंकर मिश्र और मनोज श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर