रियासतकालीन तोप चुराने की कोशिश में गोरखपुर का युवक गिरफ्तार

किले में रखी रियासतकालीन तोप

महोबा, 23 मई (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद के चरखारी कस्बा स्थित ऐतिहासिक मंगलगढ़ किले में रखी रियासतकालीन तोप काटकर चुराने का प्रयास करने के मामले में शनिवार को एक शातिर चोर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शनिवार को जिले की चरखारी नगर पालिका के लिपिक संजीत कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि ऐतिहासिक मंगलगढ़ किले में रियासतकालीन तोप रखीं हुईं हैं। एक युवक तोप को काट रहा था। काटने की आवाज सुनने पर लोगों ने देखा तो युवक लोगों को देख भागने लगा, जिसे लोगों ने मशक्कत कर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान गोरखपुर के रजनीकांत के रूप में हुई है। ऐतिहासिक किले में चोरी का प्रयास करते हुए चोर पकड़ने से हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि चोर पिछले कई दिनों से किले के अन्दर ही मौजूद था और धीरे धीरे तोप काट रहा था। चरखारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़े गए अभियुक्त से पूंछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

इतिहासकारों के अनुसार 16वीं शताब्दी में महाराजा छत्रसाल के बेटे जगतराज ने चरखारी स्टेट में पहाड़ी पर ऐतिहासिक मंगलगढ़ किले का निर्माण कराया था। यह किला अभेद्य माना जाता है। किले के अन्दर ऐतिहासिक सात सरोवर बने हुए हैं। चरखारी को बुंदेलखंड का कश्मीर कहा जाता है।

---------------

   

सम्बंधित खबर