लखीमपुर खीरी : मोहम्मदी थाना पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर के साथ 18 वारंटियों को किया गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में वांछित अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत मोहम्मदी थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने बीती रात सोमवार से मंगलवार सुबह तक ताबड़तोड़ दबिश देते हुए विभिन्न मुकदमों से संबंधित कुल 18 वारंटी अपराधियों को एक साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में इलाके का एक शातिर हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जो लंबे समय से पुलिस की नजरों से बच रहा था।

एसपी खीरी डॉ ख्याति गर्ग ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों में साहबगंज निवासी हिस्ट्रीशीटर ओमकार पुत्र विक्रम शामिल है, जिसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने के गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पुलिस ने दुष्कर्म (पाक्सो/अपहरण) के मामले में वांछित साजन उर्फ नवीन, आगजनी के आरोपित चेतराम, चोरी के आरोपित मुकेश, गुंडा एक्ट के आरोपित अरविंद और दहेज उत्पीड़न के मामले में वांछित सुनील को भी दबोच लिया है।

अभियान के दौरान पुलिस ने मारपीट, अवैध शराब निष्कर्षण (आबकारी अधिनियम), वन संरक्षण अधिनियम और एनआई एक्ट से जुड़े मामलों में लंबे समय से कोर्ट में गैरहाजिर चल रहे अन्य वारंटियों को भी उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने सभी 18 आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर