रोपड़ में रोडवेज कर्मियों ने फूंकी पॉलिसी की प्रतियां:डाउन कैडर पॉलिसी रद्द करने, 10 हजार बसें और साथियों की रिहाई की मांग
- DSS Admin
- May 15, 2026
पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी (PRTC) कच्चा कर्मचारी यूनियन ने रोपड़ के स्थानीय रोडवेज डिपो के गेट पर एक विशाल 'गेट रैली' का आयोजन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने पंजाब सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार द्वारा लागू की जा रही 'डाउन कैडर पॉलिसी' को कर्मचारी विरोधी बताते हुए उसकी प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। यूनियन सचिव गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ऐसी गेट रैलियां पंजाब के सभी 27 डिपो में आयोजित की गई हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो 18 तारीख को राज्य स्तरीय एक दिवसीय हड़ताल की जाएगी। यदि इसके बाद भी कोई समाधान नहीं निकलता है, तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और विभाग प्रबंधन की होगी। डाउन कैडर पॉलिसी जबरन थोपने का आरोप यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह और जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बिना किसी पूर्व सूचना या कर्मचारियों के सुझाव के 'डाउन कैडर पॉलिसी' जबरन थोप रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने 'किलोमीटर स्कीम' को तुरंत रद्द करने की मांग की। कर्मचारियों की अन्य प्रमुख मांगों में विभाग के बेड़े में कम से कम 10,000 नई सरकारी बसें शामिल करना शामिल है। इसके अलावा, सभी कच्चे कर्मचारियों को बिना किसी शर्त या टेस्ट के नियमित करने और 'समान काम-समान वेतन' का नियम लागू करने की भी मांग की गई। गिरफ्तार साथियों को रिहा करने और उनकी ड्यूटी बहाल करने की मांग नेताओं ने पिछले वर्ष 22 नवंबर को एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कई साथियों की गिरफ्तारी पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि संगरूर जेल में बंद लगभग 10 नेताओं पर नाजायज मुकदमे दर्ज किए गए हैं और वे पिछले पांच-छह महीनों से हिरासत में हैं। यूनियन ने इन साथियों को सम्मानपूर्वक रिहा कर तुरंत ड्यूटी पर बहाल करने की मांग की है।

