सुलतानपुर में अधेड़ का शव सड़क किनारे मिला

सुलतानपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अज्ञात अधेड़ का शव मिला है। सूचना मिलते ही चांदा कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने शनिवार को बताया कि चांदा कोतवाली क्षेत्र के कालिकागंज चौराहे के पास ग्राम बैतीकला में सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त और कबाड़ बीनकर अपना जीवन यापन करता था। हालांकि उसकी पहचान और पता नहीं चल सका।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर