रंजिश में परिवार पर हमला, घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटा, कई लोग घायल
- DSS Admin
- May 16, 2026
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ शुरू की जाँच
हमीरपुर 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को दबंगों ने घर में घुसकर परिवार के लोगों को बाहर घसीटा और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक लाठी से मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जबकि दो महिलाएं भी हाथों में डंडा लिए नजर आ रही हैं। इस हमले में एक ही परिवार के कई लोग घायल हुए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के टिकरौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रामबाबू पाल के घर पर आज हमला कर दिया गया। हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और रामबाबू को घर से घसीटते हुए बाहर ले आए। इसके बाद उसके ऊपर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायल रामबाबू पाल ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते रिश्तेदारों ने उनके परिवार पर हमला किया। मारपीट में उनकी मां, पत्नी और बच्चे भी घायल हुए हैं। घायलों में रामबाबू पाल, गीता, संकेत और प्रांजलि शामिल हैं।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।
---------------

