लखनऊ, 03 जून (हि.स.)। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 3539 पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का प्रथम दिन बुधवार को लखनऊ के अलग—अलग परीक्षा केंद्र से बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान चार फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए हैं।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित चारबाग के बप्पा श्री नरायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज के परीक्षा केन्द्र पर आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में अनियमितता पाए जाने पर एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। परीक्षा समाप्ति के उपरांत अभ्यर्थी विजय प्रताप सिंह के आधार कार्ड जांच में आधार नम्बर मिसमैच पाया गया, जो परीक्षा आवेदन में उपलब्ध बायोमेट्रिक विवरण से मेल नहीं खाया। जांच में दूसरे व्यक्ति जिसका नाम जौनपुर जिले के ग्राम चौकी कला निवासी राजेश प्रताप सिंह द्वारा परीक्षा दिए जाने की आशंका सत्य पाई गई।
परीक्षा केन्द्र प्रशासन द्वारा तत्काल उक्त व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द करते हुए थाना हुसैनगंज पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। इसी तरह महाननगर के बादशाहनगर स्थित आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज परीक्षा केन्द्र से बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। परीक्षा समाप्ति के उपरांत अभ्यर्थी अमरजीत सिंह के फिंगर प्रिंट एवं फेस आईडी का सत्यापन किया गया, जो परीक्षा आवेदन में उपलब्ध बायोमेट्रिक विवरण से मेल नहीं खाया। जांच में दूसरे व्यक्ति जिसका नाम आजमगढ़ निवासी मनतेश सिंह द्वारा परीक्षा दिए जाने की आशंका सत्य पाई गई। परीक्षा केन्द्र प्रशासन ने तत्काल उक्त व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द करते हुए थाना महानगर पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इनके अलावा नाका थाना क्षेत्र के आर्यनगर स्थित टीजीटी परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट पारसनाथ पाल (क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी) एवं कॉलेज के प्राचार्य राजीव कुमार त्रिपाठी की संयुक्त जांच टीम ने अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। व्यक्ति की पहचान प्रयागराज जिले के रंग बहादुर के रूप में हुई, जो वास्तविक अभ्यर्थी प्रयागराज के उगापुर बरसता कला निवासी अवध राज यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। वहीं, अमीनाबाद के विद्यांत हिन्दू इंटर कालेज के परीक्षा केन्द्र पर आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा के दौरान केन्द्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य पवन कुमार सिंह की संयुक्त जांच टीम एक अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को परीक्षा देते हुए पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अम्बेडकरनगर के ग्राम अरुसा निवासी अभियुक्त राम मनुज के रूप में हुई, जो वास्तविक अभ्यर्थी जितेन्द्र सिंह यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। परीक्षा केन्द्र प्रशासन ने तत्काल उस व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द करते हुए थाना अमीनाबाद पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
---------------

