किशोर को हाथ पैर बांधकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
- DSS Admin
- May 11, 2026
फिरोजाबाद, 11 मई (हि.स.)। थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत हाथ पैरई बांधकर एक किशोर की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हुआ। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया फेसबुक आदि पर सोमवार को एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक किशोर के हाथ पैर बंधे हुए है। वहीं एक महिला इस किशोर की डंडे से बेरहमी से पिटाई करती हुई नजर आ रही है। किशोर रहम की भीख मांग रहा है लेकिन फिर भी इनका दिल नहीं पसीज रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो फिरोजाबाद जिले के थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत गांव मोहनीपुर का है। किशोर पर चोरी का आरोप लगा हाथ पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की जा रही है। आस पास खड़े ग्रामीण भी मूक दर्शक बने हुए है। इधर जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस ने तत्काल इसकी जांच शुरू कर आरोपितों की पहचान करना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच कर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी मक्खनपुर चमन शर्मा का कहना है वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

