अबोहर में रेलवे स्टेशन जाते पिता-पुत्र पर हमला:गंभीर रूप से घायल पिता फरीदकोट रेफर, बेटा बोला- एक युवक को पहचानता हूं
- DSS Admin
- May 12, 2026
अबोहर शहर के लाइनपार क्षेत्र में देर रात पिता-पुत्र पर अज्ञात हमलावरों ने ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट रेफर किया गया है। घटना कंधवाला रोड पर रात करीब 2 से सवा 2 बजे के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, चौधरी कॉलोनी निवासी अनिल कुमार अपने पिता रामू कुमार को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल पर घर से निकले थे। वे कंधवाला रोड स्थित गिल जिम के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए करीब आधा दर्जन अज्ञात युवकों ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सड़क पर गिरे रामू कुमार हमले के दौरान रामू कुमार सड़क पर गिर गए और हमलावर उन पर ईंटों से लगातार वार करते रहे। अनिल कुमार ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। इस हमले में अनिल कुमार को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके पिता रामू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदकोट रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अबोहर की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद राम कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया। एक पीड़ित बोला- एक युवक को जानता हूं बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है। इधर पीड़ित अनिल कुमार का कहना है कि वह हमलावरों में से एक युवक को पहचानता है, जो मेट्रो कॉलोनी क्षेत्र के आसपास रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके के लोगों में भय और रोष का माहौल है। वहीं दूसरी ओर थाना सिटी-2 पुलिस से संपर्क करने पर अधिकारियों ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। पुलिस टीम को घायलों के बयान दर्ज करने के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

