बहराइच, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में सोमवार को खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परागी बेली में भूमि विवाद ने एक बड़ा रूप ले लिया। दो पक्षों में हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पक्ष दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी डंडे और तलवार से हमला बोल दिया। इस बड़ी घटना में मां बेटे सहित अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त सूचना के अनुसार सोमवार को करीब पूर्वाह्न 11 बजे भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। कहासुनी इस कदर हुई कि वह मारपीट में बदल गई। एक पक्ष के सुन्दर लाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि विष्णु, कामेश्वर, प्रमोद और राजपत सहित उनके अन्य साथी लाठी डंडा और तलवार लेकर उनके घर में घुस कर हमला कर दिए। हमले में राकेश और सुन्दर की पत्नी राधा देवी गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके अलावा तीन और को भी हल्की चोट लगी है। घटना की सूचना पर खैरीघाट पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। घायलों को सीएचसी शिवपुर भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

