जयपुर, 19 मई (हि.स.)। प्रदेश में प्रचंड गर्मी का प्रतीक माने जाने वाले नौतपा की शुरुआत 25 मई से होगी, जो 2 जून तक चलेगा। इस दौरान लगातार नौ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस अवधि में तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है, जिससे आमजन को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
पंडित बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि नौतपा का संबंध सूर्य की चाल और नक्षत्रों से जुड़ा होता है। 25 मई को अपराह्न 3:44 बजे सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा प्रारंभ होगा। रोहिणी नक्षत्र को अत्यधिक ताप देने वाला माना जाता है, इसलिए इस दौरान सूर्य की किरणें अधिक तीव्र हो जाती हैं।
उन्होंने बताया कि नौतपा में यदि अच्छी गर्मी पड़ती है तो इसे अच्छे मानसून का संकेत माना जाता है। वहीं इन नौ दिनों में बारिश होना मानसून के कमजोर रहने का संकेत माना जाता है।
वहीं शर्मा ने बताया कि इस दौरान डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करना चाहिए। साथ ही हल्का एवं सुपाच्य भोजन लेने और दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि तरबूज, खरबूजा और ककड़ी जैसे मौसमी फल शरीर को ठंडक पहुंचाने में सहायक होते हैं।
---------------

