शादी समारोह में मारपीट और फायरिंग से मचा हड़कंप, युवक गंभीर घायल; चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
उरई, 27 जून (हि.स.)। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम जमालीपुर में शुक्रवार की रात को आयोजित एक शादी समारोह उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और कथित हवाई फायरिंग की घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम जमालीपुर निवासी नरेश पाल की पुत्री नीलम का शुक्रवार को विवाह समारोह था। इसी दौरान गांव के निवासी रामवीर, अखिलेश, चंद्रशेखर तथा ग्राम हाजीपुर निवासी विनोद प्रजापति शादी समारोह में पहुंचे। आरोप है कि चारों ने मिलकर प्रिंस पाल के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान जब परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इससे शादी समारोह में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल प्रिंस पाल को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल प्रिंस के बड़े भाई सुधीर पाल का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने तमंचे से 5 से 6 राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे में फिलहाल मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
कुठौंद थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने शनिवार काे बताया कि वीर सिंह की तहरीर के आधार पर रामवीर, अखिलेश, चंद्रशेखर और विनोद प्रजापति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------

