पोखरे में मिला पांच फीट लंबा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़कर वन विभाग को सौंपा

मीरजापुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव स्थित करवल बस्ती के पास एक पोखरे में बुधवार को लगभग पांच फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए मगरमच्छ को पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, राजगढ़ गांव निवासी राधेश्याम करवल ने बकहर नदी के समीप अपनी जमीन में मछली पालन के लिए पोखरा बनवाया है। बुधवार को जब वह पोखरे में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला ताे मछलियों के साथ एक मगरमच्छ भी उसमें फंस गया। जाल को पानी से बाहर निकालते ही मगरमच्छ को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने बांस और बल्ली की मदद से मगरमच्छ को काबू में किया और रस्सी से बांधकर वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान के लिए रवाना हो गई।

ग्रामीणों का दावा है कि उसी पोखरे में दो अन्य मगरमच्छ भी दिखाई दिए हैं। उनका कहना है कि पास से बहने वाली बकहर नदी से निकलकर मगरमच्छ मछलियों के शिकार की तलाश में पोखरे तक पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से शेष मगरमच्छों को भी पकड़ने की मांग की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर