चुनार पुलिस ने साइबर ठगी के 2.89 लाख रुपये पीड़ित के खाते में कराए वापस
- DSS Admin
- May 21, 2026
मीरजापुर, 21 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के भरपूर मोहल्ला निवासी भोलानाथ मौर्य को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाकर साइबर अपराधियों ने चार लाख रुपये की चपत लगा दी थी। मामले में सक्रिय हुई चुनार पुलिस की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 लाख 89 हजार 950 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
पीड़ित भोलानाथ मौर्य ने थाना चुनार की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि ऑनलाइन जेनरेटर खरीदने के नाम पर ठगों ने उनसे चार लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलने के बाद मामला एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर 2,89,950 रुपये की धनराशि होल्ड कराई। इसके बाद गुरुवार को उक्त धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। खाते में रकम वापस आने पर भोलानाथ मौर्य ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार जताया।
पुलिस ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और लोगों को जागरूक करने की अपील की।
प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में चुनार साइबर सेल टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
---------------

