डीएलपी के जरिए कार्यकर्ताओं को मिलेगा वैचारिक और डिजिटल प्रशिक्षण : पवन मिश्र
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
देवरिया, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)किसान मोर्चा की जिला बैठक गुरुवार को कार्यालय औरा-चौरी में आयोजित की गई। बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) के माध्यम से संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्यों तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को संगठन के इतिहास, विचारधारा और कार्यपद्धति से जोड़ने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रही है। इसी उद्देश्य से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने स्मार्टफोन में संगठन द्वारा उपलब्ध कराए गए सरल एप के जरिए प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है। वीडियो आधारित इस प्रशिक्षण में भाजपा के इतिहास, पंचनिष्ठा, नमो एप, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और केंद्र व प्रदेश सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कार्यकर्ताओं से संबंधित विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे। सही उत्तर देने वाले कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं का ज्ञान बढ़ेगा और वे संगठन की नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में सक्षम होंगे।
पवन मिश्र ने कहा कि यह अभियान 'राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि' के संकल्प पर आधारित है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ डिजिटल तकनीक से भी जोड़ना है, ताकि बदलते समय के अनुरूप संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में भगवान यादव, मुकेश राय, विजेंद्र सिंह चौहान, अरुण मिश्र, रामेश्वर यादव, गोविंद कुशवाहा, गुड्डू यादव, सुशील सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा, देवेंद्र राय, सुमंत चतुर्वेदी सहित किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षण महाअभियान को सफल बनाने और संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
----------

