डीएम और एसपी ने लगाया पौधा, बोले—पेड़ लगाना ही नहीं, उसे बचाना भी जिम्मेदारी
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। वन महोत्सव सप्ताह के तहत चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में गुरुवार को मीरजापुर पुलिस लाइन परिसर हरियाली के संदेश से सराबोर हो उठा। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पौधरोपण कर जनपदवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
पौधरोपण के बाद अधिकारियों ने कहा कि पौधरोपण का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृ सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

