युवा पीढ़ी को स्वदेशी के संस्कारों से जोड़ना समय की आवश्यकता : डॉ. राजीव कुमार

- चुनार में स्वदेशी विचार वर्ग का आयोजन

मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के मुंदीपुर स्थित नैनागढ़ पैलेस में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के तत्वावधान में आयोजित विचार वर्ग में स्वदेशी को आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताते हुए युवाओं से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संयोजन विभाग संयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह-संयोजक डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि स्वदेशी आज के युवाओं के लिए भी उतना ही प्रासंगिक है जितना स्वतंत्रता आंदोलन के समय था। उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना भी स्वदेशी का महत्वपूर्ण आयाम है। इसी उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच व्यापारिक जुटान और उद्यमियों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को स्वदेशी के संस्कारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। यदि भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है तो स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी होगी और उन्हें विश्व बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाना होगा।

स्वदेशी जागरण मंच पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संयोजक एवं स्वावलंबी भारत अभियान के समन्वयक अनुपम श्रीवास्तव ने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि सुबह उठने से लेकर रात तक प्रयुक्त होने वाले अधिकतम उत्पाद स्वदेशी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि टूथपेस्ट, साबुन, कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुओं में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

प्रांत संयोजक डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने स्वदेशी आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1905 के स्वदेशी आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 में वरिष्ठ चिंतक दत्तोपंत ठेंगड़ी के मार्गदर्शन में स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना हुई और तब से यह संगठन देशभर में स्वदेशी के प्रति जनजागरण का कार्य कर रहा है।

प्रांत पूर्णकालिक कृपाशंकर ने स्वदेशी को राष्ट्र रक्षा का मंत्र बताते हुए प्रत्येक नागरिक से स्वदेशी के भाव को जीवन में उतारने की अपील की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया ने कहा कि स्वदेशी का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना होगा, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।

कार्यक्रम के अंत में विभाग संयोजक कृष्ण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का सम्मान किया। इस दौरान पत्रकारों ने राष्ट्रीय संयोजक डॉ. राजीव कुमार से विभिन्न विषयों पर बातचीत भी की।

कार्यक्रम में प्रांत समन्वयक अजय आनंद, प्रांत पर्यावरण प्रमुख सुनील सिंह कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, रामबालक त्रिपाठी, विवेक सिंह, ग्राम प्रधान मनोज त्रिपाठी, भूपेश पांडेय, प्रभाकांत त्रिपाठी, जयप्रकाश त्रिपाठी, सोनू त्रिपाठी, कमर वसीम, मुन्ना भाई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर