जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की, दिए जरूरी निर्देश
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
फर्रुखाबाद, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में रविवार को जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु की गई तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई, लोक निर्माण, विद्युत, पंचायती राज, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए विभागवार तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रात्रिकालीन राहत एवं बचाव कार्यों की विशेष आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में सर्च लाइट, नाव एवं अन्य तकनीकी उपकरणों को तैयार रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण एवं संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित रूप से प्रभावित मार्गों की पहचान कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए, जिससे आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारीगण, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

