एसएसपीजी में बन रहे मल्टी सुपर स्पेशलिटी हाईटेक अस्पताल में मिलेंगी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं : डॉ नीलकंठ तिवारी

—निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अभियंता को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

वाराणसी, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिव प्रसाद गुप्त जिला चिकित्सालय में पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी की अध्यक्षता में रविवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में चिकित्सालय के पुराने भवन का ध्वस्तीकरण करते हुए बनने वाले 500 बेडेड मल्टी सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय के संबंध में व्यापक विचार विमर्श किया गया। जिसमें जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार एवं एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार एवं प्रमुख अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय के डॉ संजीव वर्मा एवं कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पुष्पराज सिंह व अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में बिना मरीजों तथा संसाधनों को डिस्टर्ब किये किस प्रकार से सुरक्षित व सुलभ स्थान पर प्रतिस्थापित किया जाए आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा हुआ। ताकि मल्टी सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय का निर्माण कार्य सुचारू रूप से हो और आगंतुक मरीजों का चिकित्सा सेवा भी पूर्ववत् चलती रहें। उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाये। इस दौरान अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार तथा निर्माणकारी संस्था के प्रेजेंटेशन को भी देखा गया और उस पर विस्तृत चर्चा, विचार विमर्श व विषय समाधान करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने निर्माणकारी संस्था व कार्यकारी संस्था को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का हर स्तर पर समावेश किए जाने पर विशेष जोर दिया। बताते चलें कि कबीरचौरा अस्पताल के नाम से जाना जाने वाला श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय राजकीय चिकित्सालय में 315.48 करोड़ रूपये की लागत से 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जा रहा है। प्रदेश शासन की मंशा है कि पूर्वांचल के लोगों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं। इसके तहत एसएसपीजी अस्पताल के जर्जर भवनों को तोड़कर बेसमेंट और 08 मंजिला मुख्य अस्पताल भवन (G+8) बनाया जाएगा, जबकि बेसमेंट और 14 मंजिला (G+14) अलग टावर डॉक्टरों व स्टाफ के आवास के लिए होगा। इस मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजी (हृदय रोग), न्यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग), यूरोलॉजी, गैस्ट्रो मेडिसिन, प्लास्टिक सर्जरी और डायलिसिस की सुविधाएँ मिलेंगी। इसमें 47 आईसीयू बेड, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और एडवांस लैब आदि की विश्व स्तरीय सुविधाएं होंगी।

   

सम्बंधित खबर