मीरजापुरः  अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

मीरजापुर, 17 मई (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर भवरख गांव के पास रविवार को लगभग 40 वर्षीय अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के समीप युवक का शव पड़ा मिला। युवक निर्वस्त्र अवस्था में था, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान न होने पर ग्राम प्रधान सुनील पटेल की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्राम प्रधान सुनील पटेल ने आशंका जताई कि भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण युवक की मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर