मारपीट में युवक की मौत के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे बरामद

मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। कछवां थाना क्षेत्र के विदापुर गांव में पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद में हुई मारपीट के दौरान घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 31 मई को विदापुर गांव निवासी रमाशंकर पुत्र खरपत्तु ने थाना कछवां में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उनके पिता और भाई के साथ गंभीर मारपीट की। घटना में गंभीर रूप से घायल उनके भाई प्रेमशंकर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना प्रभारी कछवां अमरजीत चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप कुमार पुत्र बुद्धिलाल, दिनेश कुमार पुत्र स्व. रामनरेश, धीरज कुमार पुत्र रामसादर तथा अजय कुमार पुत्र स्व. रामनरेश, सभी निवासी ग्राम विदापुर शामिल हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वादी पक्ष से उनकी पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम विदापुर स्थित संदीप कुमार के घर के बाहर भूसे के बोरे के नीचे छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी (आला कत्ल) तथा सात लाठी-डंडे बरामद किए हैं।

थाना कछवां पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक हरिद्वार मिश्रा, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश दुबे, विवेक सिंह, शशिकांत यादव, कांस्टेबल विष्णु पांडेय, रंजीत तथा महिला आरक्षी विकल्प तिवारी शामिल रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर