पुलिस के हत्थे चढ़ा गांजा तस्कर, दो किलो से अधिक गांजा व बाइक बरामद

मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौंधा चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलो 15 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव अपनी पुलिस टीम के साथ बेलन नहर से कोरांव मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। इसी दौरान कोरांव (प्रयागराज) की ओर से एक युवक बाइक पर बैग लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस की चेकिंग देखकर युवक घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो किलो 15 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलीप कुमार पुत्र रामधनी, निवासी बढ़वारी कला मिश्रपुर, थाना कोरांव, जनपद प्रयागराज बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा बिक्री के उद्देश्य से लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही पुलिस की सक्रियता के चलते पकड़ा गया। बरामद गांजा और बाइक को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर