जिलाधिकारी ने की विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
- DSS Admin
- May 13, 2026
हाथरस, 13 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए हाथरस के जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बुधवार काे कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, बिलिंग व्यवस्था और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की ।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए मीटर रीडर मौके पर जाकर सही रीडिंग लें। उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने तथा अधिक लोड वाले क्षेत्रों में क्षमता वृद्धि करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है, इसलिए मरम्मत कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी क्षेत्र में मरम्मत या अन्य कारणों से शटडाउन लिया जाता है, तो उसकी सूचना पहले से स्थानीय लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो। साथ ही आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।-------

