यूपी के देवरिया में आरोग्य भारती का गर्मी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

देवरिया, 21 मई (हि.स.)। आरोग्य भारती के तत्वावधान में देवरिया विकास खंड के ग्राम सिगही में हीट स्ट्रोक (लू) से बचाव को लेकर गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि हीट स्ट्रोक जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए इससे बचाव बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर से बाहर निकलते समय पूरे कपड़े पहनने, सिर पर तौलिया या टोपी लगाने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि ककड़ी, खीरा, तरबूज, संतरा, शिकंजी और जलजीरा जैसे पेय व फल गर्मी से राहत देने में सहायक होते हैं। उन्होंने यह भी सलाह दी कि अत्यधिक गर्म और प्रोटीनयुक्त भोजन, शराब तथा नशीले पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। धूप में खड़ी गाड़ियों में बच्चों को न छोड़ने और घरों की खिड़कियां खुली रखने की भी अपील की गई ताकि हवा का संचार बना रहे। उन्होंने कहा कि “बचाव ही इलाज है” और सावधानी अपनाकर हीट स्ट्रोक से सुरक्षित रहा जा सकता है।

   

सम्बंधित खबर