अमरनाथ यात्रा सेवाओं में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग

जम्मू,, 12 मई (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) इकाई ने आगामी श्री अमरनाथ यात्रा से जुड़ी सेवाओं और ठेकों में स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और सेवा प्रदाताओं को प्राथमिकता देने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा भी है।

उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा से पर्यटन, होटल उद्योग, परिवहन, घोड़ा, पिट्ठू, पालकी और टेंट व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में हजारों लोगों को रोजगार मिलता है, लेकिन लंबे समय से स्थानीय लोगों को उचित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि टेंडर और परमिट प्रक्रिया में स्थानीय हितधारकों को स्पष्ट प्राथमिकता दी जाए।

साहनी ने आरोप लगाया कि बड़े ठेकेदारों और बाहरी एजेंसियों के कारण स्थानीय छोटे व्यवसायियों को नुकसान होता है, जिसे रोकने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और कठिन परिस्थितियों के दौर में भी स्थानीय लोगों ने यात्रा को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है, इसलिए उनके हितों की रक्षा जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा को जम्मू में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में काम होना चाहिए ताकि श्रद्धालु अधिक समय यहां रुकें और स्थानीय व्यापार को लाभ मिले। इसके साथ ही उन्होंने लंगर सेवाओं के लिए गैस आपूर्ति और अन्य सुविधाओं को सुचारु रखने की भी मांग की।

---------------

   

सम्बंधित खबर