मीरजापुर: सर्राफा दुकान का शटर तोड़ लाखों के जेवर चोरी, जांच में जुटी पुलिस
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा बाजार में बीती देर रात सोमवार को चोरों ने सर्राफा एवं बर्तन की दुकान का शटर उचकाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना पर मंगलवार को पुलिस, फोरेंसिक और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
बरौंधा बाजार निवासी पंकज सोनी की सर्राफा एवं बर्तन की दुकान है। पंकज मंगलवार सुबह दुकान पहुंचे तो शटर खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि चोर दुकान के अंदर रखी लॉकर को पीछे ले गए, उसे तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए और खाली लॉकर वहीं छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर, थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार, फोरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित पंकज सोनी ने बताया कि लाखों रुपये के आभूषण चोरी हुए हैं। उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
---------------

