जौनपुर में चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती

जौनपुर,04 जून (हि.स.) यूपी के जौनपुर जिले में खेतासराय थाना अंतर्गत अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक उप निरीक्षक राजेश सिंह, ट्रैफिक कांस्टेबल रवि शंकर एवं पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजातों की जांच की। बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज न रखने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा मालवाहक पिकअप वाहनों की भी जांच कर आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।अचानक शुरू हुए चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई बाइक सवार जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते नजर आए, जबकि कई लोगों को मौके पर ही पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वैध दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। ट्रैफिक उप निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि आम लोगों को जागरूक कर सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।

------------

   

सम्बंधित खबर